पाकिस्तान की तरफ से नियंत्रण रेखा पर जबरदस्त फायरिंग की जा रही है। गुरुवार दोपहर शुरू हुआ सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस हरकत का करारा जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के पांच सैनिक मारे गए। उसके तीन सैनिक घायल भी हुए हैं।
पुंछ सेक्टर निशाना
पाकिस्तान की तरफ से गुरुवार दोपहर बाद शुरू हुई फायरिंग शुक्रवार तड़के तक जारी थी। इस दौरान भारी हथियारों और मोर्टार का भी इस्तेमाल किया गया। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें पाकिस्तान के 5 सैनिक मारे गए। LOC के कुछ हिस्सों में पाकिस्तानी सेना लगातार उकसावे की कार्रवाई कर रही है। गुरुवार रात फायरिंग का केंद्र जम्मू-कश्मीर का पुंछ सेक्टर था।
नागरिकों को निशाना बनाने की साजिश
भारतीय सेना के एक अफसर ने कहा- पाकिस्तान ने अचानक फायरिंग की। वो हमारे सिविलियन इलाकों को टारगेट करना चाहता है। मानकोट सेक्टर में सबसे ज्यादा फायरिंग हुई। कुछ सिविलियन प्रॉपर्टी को भी नुकसान पहुंचा है। इस तरह की हरकतों का जवाब देना जरूरी था। हमने पाकिस्तान के पांच सैनिक मार गिराए जबकी तीन घायल हैं। उन्होंने कई नए बंकर बनाए थे, इन्हें तबाह कर दिया गया है। फायरिंग गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 घंटे चली।